एआईआईबी के 57 संस्थापक सदस्य देश तय

बीजिंग, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। चीन द्वारा प्रस्तावित एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) के संस्थापक सदस्यों के लिए बुधवार को सात और देशों को मंजूरी दिए जाने के बाद 57 देशों के नाम तय हो गए। यह बात चीन के वित्त मंत्री ने कही।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बुधवार को स्वीडन, इजरायल, दक्षिण अफ्रीका, अजरबेजान, आईसलैंड, पुर्तगाल और पोलैंड को संस्थापक सदस्य के रूप में मंजूरी दी गई।

चीन के उप वित्तमंत्री शी याओबिन ने कहा कि संस्थापक सदस्यों के लिए आवेदन करने की समय सीमा हालांकि समाप्त हो गई है, फिर भी बैंक नए सदस्यों के लिए आवेदन स्वीकार करता रहेगा, क्योंकि एआईआईबी एक खुला और समावेशी बहुपक्षीय विकास बैंक है।

बैंक के संस्थापक सदस्यों को नियम बनाने का अधिकार होगा। 31 मार्च के बाद आवेदन करने वाले देशों को साधारण सदस्य माना जाएगा और उन्हें मताधिकार मिलेगा, लेकिन नियम निर्माण में उनकी दखल कम होगी।

बैंक की शुरुआती पूंजी 50 अरब डॉलर होगी और बैंक एशिया में सड़क, रेलवे, हवाईअड्डा तथा अन्य अवसंरचना परियोजनाओं के लिए ऋण देगा। बैंक की स्थापना इस साल के अंत तक होने की संभावना है।

अक्टूबर में चीन, भारत और सिंगापुर सहित 21 देशों ने इस बैंक की स्थापना के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493