नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तरी दिल्ली स्थित ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) दफ्तर के एक सुरक्षाकर्मी ने सोमवार तड़के एआईआर के कार्यालय परिसर से अपनी कार टकराने वाले दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल को गोली मार दी, जिसमें वह घायल हो गया।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कांस्टेबल अंकित कुमार को एआईआर के सुरक्षाकर्मी ने तड़के करीब तीन बजे गोली मारी। सुरक्षाकर्मी नागालैंड पुलिस में कांस्टेबल था। यह घटना दिल्ली विश्वविद्यालय के एसजीटीबी खालसा कॉलेज के पास स्थित एआईआर के दफ्तर के पास हुई। अंकित कुमार की उम्र 30-39 साल के बीच बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने आईएएनएस को बताया, “अंकित कुमार की कार तड़के एआईआर के गेट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दरवाजा बंद होने के बावजूद कार आकाशवाणी केंद्र की चारदीवारी के अंदर चली गई। जब उसने बाहर निकलने के लिए कार मोड़ने की कोशिश की तो सुरक्षाकर्मी ने उसे गोली मार दी।”
अंकित कुमार को छाती के बाईं ओर गोली लगी है। उसे तुरंत लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अंकित कुमार के खिलाफ तिमारपुर पुलिस स्टेशन में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।
dharmpath.com dharmpath