एआईएडीएमके महासचिव पद की चुनाव तिथि की घोषणा हो : पलानीस्वामी

चेन्नई, 11 फरवरी (आईएएनएस)। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के एक पूर्व सांसद ने शनिवार को कहा कि कार्यकारी मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम के नेतृत्व वाले एआईएडीएमके गुट को पार्टी का महासचिव निर्वाचित करने की तिथि की जल्द घोषणा करनी चाहिए।

पार्टी के पूर्व सांसद के.सी.पलानीस्वामी ने आईएएनएस से कहा, “जनरल काउंसिल द्वारा वी.के.शशिकला को पार्टी की महासचिव चुनने को अवैध घोषित करना ही पर्याप्त नहीं है। शशिकला विरोधी गुट को नए महासचिव के चुनाव के लिए चुनाव तिथि की घोषणा करनी चाहिए।”

एआईएडीएमके के सभापित मंडल के पूर्व अध्यक्ष ई.मधुसूदनन ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने निर्वाचन आयोग को एक अर्जी भेजी थी, जिसमें उन्होंने वी.के.शशिकला को तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी के महासचिव के रूप में मान्यता न देने की अपील की थी।

प्रदेश के कार्यकारी मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम गुट में शामिल मधुसूदनन ने कहा, “पार्टी के नियमों के मुताबिक, एआईएडीएमके का महासचिव वही व्यक्ति हो सकता है, जो लगातार पांच साल तक पार्टी का सदस्य रहा हो।”

उन्होंने कहा कि शशिकला लगातार पांच वर्षो तक पार्टी की सदस्य नहीं रही हैं और इसलिए वह पार्टी की महासचिव की योग्यता नहीं रखती हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद दिसंबर 2016 में एआईएडीएमके की जनरल काउंसिल की बैठक में शशिकला को पार्टी का महासचिव नियुक्त किया गया था।

पलानीस्वामी ने कहा, “यदि पन्नीरसेल्वम या मधुसूदनन महासचिव पद के चुनाव की घोषणा करते हैं, तो निश्चित तौर पर मुद्दा उनके पक्ष में जाएगा, क्योंकि पार्टी के कार्यकर्ता शशिकला के खिलाफ हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493