एक्सपीडिशन 46 के अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौटे, मंगल पर खोज जारी

वाशिंगटन, 2 मार्च (आईएएनएस)। मंगल ग्रह पर निकट भविष्य में इंसानों को भेजे जाने को लेकर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में महत्वपूर्ण शोध के बाद अंतरिक्ष यात्री स्कॉट केली, मिखाइल कोर्निन्को और सेर्गेई वोल्कोव बुधवार को सही-सलामत पृथ्वी पर लौट आए।

अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष यान कजाख्स्तान के दक्षिण-पूर्व में जेज्काजगान में उतरा। तीनों अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लैंड करने के तुरंत बाद फील्ड टेस्ट में शामिल हुए।

अंतरिक्ष यात्री केली नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन(नासा) के जॉनसन अंतरिक्ष केंद्र लौटने के बाद कार्यात्मक कार्य परीक्षण या टेस्ट करेंगे, जिसमें इस बात का पता लगाया जाएगा कि कम गुरुत्वाकर्षण वाले क्षेत्र में लंबे समय तक रहने के दौरान मानव शरीर किस प्रकार की प्रतिक्रियाएं देता है।

इस बीच, एक्सपीडिशन 47 के सदस्य नासा के टिम कोपरा, रॉस्कॉसमॉस के यूरी मेलेंचेंको और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के टिम पीक अंतरिक्ष स्टेशन पर अनुसंधान जारी रखेंगे। 18 मार्च को उनके साथ तीन अन्य सदस्य भी जुड़ेंगे, जिनमें नासा के अंतरिक्ष यात्री जेफ विलियम्स और रूस के अंतरिक्ष यात्री ओलेग स्क्रिपरोचका तथा एलेक्सी ओवचिनिन भी शामिल हैं।

एक्सपीडिशन 46 के सदस्य केली तथा कोर्निन्को पिछले साल 27 मार्च को एक साल के मिशन पर अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे थे।

केली ने अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जिसे एक अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री ने 16 अक्टूबर, 2015 बनाया था।

नासा ने एक बयान में कहा, “एक साल लंबे अभियान के दौरान केली ने कई महत्वपूर्ण मिशनों को अंजाम दिया, जिसमें अंतरिक्ष में फल एवं सब्जियां उगाना भी शामिल है।”

इस एक साल के अभियान के दौरान जिन मिशनों को अंजाम दिया गया, उससे नासा के सौर मिशन तथा मंगल ग्रह मिशन में मदद मिलने की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493