भोपाल, 2 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में किसानों को सरकार की योजनाओं का ब्योरा देने के साथ उनकी समस्याएं सुनने के मकसद से ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं। यह सभाएं एक मार्च से शुरू हो गई है और यह सिलसिला 15 अप्रैल तक चलेगा।
आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि किसानों से सीधा संवाद करने के लिए, प्रदेश की 23 हजार ग्राम पंचायतों में किसान सभाएं शुरू की गई हैं। इन सभाओं में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित खेती से जुड़ी आठ योजनाओं पर किसानों से चर्चा की जा रही है।
किसान सभा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विशेषताओं और उपयोगिता की जानकारी दी जाएगी। उन्हें इस योजना को अपनाने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। इसके अलावा, स्वाइल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई, मेरा खेत-मेरी माटी योजना पर चर्चा और उसकी समीक्षा की जाएगी।
कृषि वानिकी एवं कृषि उद्यानिकी को बढ़ावा देने पर भी संवाद होगा। खरीफ 2016 के लिए ग्राम पंचायतवार कृषि प्लान तैयार कर और जल-संरचनाओं के निर्माण पर भी किसानों से चर्चा होगी।
बताया गया है कि किसान सभा के लिए हर जिले में एक नोडल अधिकारी बनाया गया है। इन सभाओं में कृषि, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण, पशुपालन, मत्स्य-पालन, सहकारिता, जल-संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के अधिकारी सहित कृषि विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो किसानों को आवश्यक जानकारी देंगे।
किसान सभा की अध्यक्षता के लिए जिलाधिकारी ग्राम पंचायत के प्रगतिशील किसान को नामजद करेंगे। किसान सभा में प्रभारी मंत्री सहित सभी स्थानीय जन-प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
dharmpath.com dharmpath