जम्मू/नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के सियाचिन ग्लेशियर में सेना ने बुधवार को अपने पोर्टर के शव को बरामद किया। 200 फीट गहरी हिम दरार में गिरने से इसकी मौत हो गई।
सेना की उत्तरी कमान के प्रवक्ता कर्नल एस. डी. गोस्वामी ने आईएएनएस से कहा, “एक व्यापक प्रयास के बाद सेना ने उस पोर्टर का शव बरामद कर लिया, जिसकी सियाचिन के उत्तरी ग्लेशियर में 200 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी।”
उन्होंने कहा, “पोर्टर 27 फरवरी को दुर्घटनावश खाई में गिर गया था। सेना के विशेष दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, जो उसे निकाले जाने तक जारी रहा।”
प्रवक्ता ने कहा, “बचाव दल पहले 60 फीट फिर 90 फीट की गहराई तक पहुंचा। इसके बाद बर्फ की चट्टानें काटकर 130 फीट की गहराई तक पहुंचा गया, जहां पोर्टर का शव था।”
तीन फरवरी को सियाचिन ग्लेशियर में भीषण हिमस्खलन में बर्फ में दबकर दस सैनिकों की मौत हो गई थी। नौ सैनिकों के शव बर्फ के अंदर से निकाले गए थे। 10 में से एक हनुमंतप्पा कोप्पड़ को िंजंदा निकाला गया था। 11 फरवरी को उनकी नई दिल्ली में आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath