बोल्टन, 12 मई (आईएएनएस)। भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने अपने छठे पेशेवर मुकाबले के लिए गुरुवार को जमकर अभ्यास किया। शुक्रवार को उनका सामना मैक्रोन स्टेडियम में पोलैंड के अंद्रजेज सोल्ड्रा से होगा।
विजेंदर ने अपने पेशेवर करियर का शानदार आगाज किया है। उन्होंने अपने शुरुआती पांचों मुकाबलों में जीत हासिल की है।
विजेंदर को भारत में विश्व मुक्केबाजी संघ (डब्ल्यूबीओ) के एशिया खिताब के लिए मुकाबला करना है और उन्होंने कहा कि सोल्ड्रा उन्हें खिताब जीतने से नहीं रोक सकते।
विजेंदर ने एक बयान में कहा, “यह मुकाबला मेरा पहला आठ राउंड का मुकाबला होगा इसलिए मैं इस समय अपनी ताकत बढ़ाने पर काम कर रहा हूं ताकि अगर मुकाबला लंबा चल सके तो मैं अपने विपक्षी के सामने टिक सकूं। मेरा प्रशिक्षण दिन प्रतिदिन कड़ा होता जा रहा है। मेरा ध्यान इस समय अपने छठे मुकाबले पर है।”
उन्होंने कहा, “राउंड बढ़ जाने के कारण मेरे कोच मेरी फिटनेस और स्टेमिना पर काम कर रहे हैं।”
उनके विपक्षी सोल्ड्रा ने कहा है कि वह विजेंदर के अब तक चले आ रहे विजयी रथ को रोक देंगे।
उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि विजेंदर कल (शुक्रवार) के मुकाबले को लेकर चिंतित होंगे। मैं कल उनके सामने खतरनाक प्रदर्शन करुं गा। मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।”
dharmpath.com dharmpath