नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि पूसा, समस्तीपुर में स्थित डॉ. राजेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने से बिहार की जनता की वर्षो पुरानी मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों का एक बड़ा सपना पूरा कर दिया।
संसद ने बुधवार को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय विधेयक – 2015 को अपनी मंजूरी दे दी। पहले राज्य सभा ने और फिर लोक सभा ने ध्वनिमत से इस विधेयक को पारित कर दिया। बाद में बुधवार को ही राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने इस पर हस्ताक्षर किए।
इस विधेयक के दोनों सदनों से पारित हो जाने के बाद केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय राज्य के लोगों के लिए शानदार तोहफा है। उन्होंने कहा कि अब इस विश्वविद्यालय को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाएगा। यह राज्य का पहला और देश का दूसरा केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि इस विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा दिलवाने के लिए पिछले सात वर्ष से प्रयास हो रहे थे।
इस विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा मिलने से अब बिहार में महात्मा गांधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के साथ दो बड़े केंद्रीय विश्वविद्यालय दो वर्षो के अंदर खोलकर मोदी सरकार ने बिहार वासियों को सबसे बड़ा तोहफा दिया। 2009 से राज्य एवं भारत सरकार के बीच चल रहे विवाद का विराम भी हो गया और किसानों को एक बड़ा उपहार भी मिल गया।
dharmpath.com dharmpath