नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। शिवाजी हॉकी स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के चौथे संस्करण के एक मैच में दिल्ली वेवराइडर्स को दबंग मुंबई ने 8-3 से हरा दिया।
दिल्ली की टूर्नामेंट में यह लगातार चौथी हार है।
वहीं जीत के साथ मुंबई ने सेमीफाइनल में खेलने की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
घरेलू दर्शकों के बीच दिल्ली ने अच्छी शुरुआत की और स्टीवन एडवर्ड्स के फील्ड गोल और रुपिंदर पाल सिंह के पेनाल्टी कॉर्नर पर किए गए दूसरे गोल की बदौलत 3-0 की अच्छी बढ़त हासिल कर ली थी।
गौरतलब है कि एचआईएल के मौजूदा संस्करण में फील्ड गोल को दो गोल माना जा रहा है।
तीन क्वार्टर तक 0-3 से पिछे रही मुंबई ने अंतिम क्वार्टर में जबरदस्त वापसी की। 49वें मिनट में दानिश मुज्तबा ने मुंबई के लिए पहला फील्ड गोल कर स्कोर 2-3 कर लिया।
तीन मिनट बाद ही निलकांत ने दूसरा फील्ड गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया।
भारत के मनप्रीत ने इसके बाद 57वें और 58वें मिनट में लगातार दो फील्ड गोल मैदान में सनसनी फैला दी, जिसकी बदौलत मुंबई मैच 8-3 के बड़े अंतर से जीत गया।
लगातार तीसरी जीत के साथ मुंबई अंकतालिका में चौथे स्थान पर आ गई है। सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत करने मुंबई अब घरेलू मैदान पर जेपी पंजाब वॉरियर्स का, जबकि दिल्ली गुरुवार को मौजूदा चैम्पियन रांची रेज का सामना करेगी।
dharmpath.com dharmpath