एचआईएल : विजार्ड्स को हराकर रांची ने दर्ज की दूसरी जीत

लखनऊ, 3 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई ट्रेंट मिटन और भारतीय खिलाड़ी मंदीप सिंह द्वारा किए गए गोल की बदौलत रांची रेज ने मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के तीसरे संस्करण के 14वें मैच में उत्तर प्रदेश विजार्ड्स को 2-0 से हरा दिया।

इस जीत के साथ रांची रेज के अब पांच मैचों में कुल 14 अंक हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के भी पांच मैच में 14 अंक हैं।

पहले मिनट से ही दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी का नमूना पेश किया। रांची रेज का दबदबा पूरे मैच के दौरान दिखा और टीम को पहली बढ़त ट्रेंट ने 13वें मिनट में दिलाई। इस दौरान पहले क्वार्टर में कई मौकों पर उत्तर प्रदेश के गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को गोल बचाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा और वह इसमें काफी हद तक सफल भी रहे।

मैच के दूसरे क्वार्टर में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने बराबरी के कई प्रयास किए और गोल के बेहतर मौके भी बनाने में कामयाब रहे लेकिन वे रांची की रक्षा पंक्ति को नहीं भेद सके। दूसरा क्वार्टर गोलरहित समाप्त हुआ।

मैच का दूसरा तथा आखिरी गोल मंदीप सिंह ने तीसरे क्वार्टर और मैच के 42वें मिनट में दागा।

उत्तर प्रदेश टीम लीग का अगला मैच बुधवार को पंजाब वारियर्स के खिलाफ खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493