एचडब्ल्यूएल : इटली से 5-8 स्थान के लिए भिड़ेंगी भारतीय महिलाएं

एंटवर्प (बेल्जियम), 1 जुलाई (आईएएनएस)। क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड्स के हाथों हारकर हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल में पदक की दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय महिला हॉकी टीम अब गुरुवार को पांचवें और आठवें स्थान के लिए होने वाले मैच में 16वीं रैंकिंग वाली इटली से भिड़ेगी।

मौजूदा विश्व चैम्पियन नीदरलैंड्स ने मंगलवार को हुए मैच में भारत को 7-0 से करारी मात दे दी।

इस हार के साथ ही भारतीय महिला टीम ने रियो ओलम्पिक-2016 में प्रवेश करने का अपना आखिरी मौका भी गंवा दिया। टूर्नामेंट में शीर्ष पर रहने वाली तीन टीमें ही ओलम्पिक में प्रवेश पा सकेंगी।

टूर्नामेंट में पदक और ओलम्पिक में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय टीम अब टूर्नामेंट में पांचवां या छठा स्थान हासिल करने के लिए खेलेगी।

भारतीय टीम इटली से आखिरी बार पिछले वर्ष भिड़ी टेस्ट मैच में भिड़ी थी, जिसमें उसे 0-1 से हार झेलनी पड़ी थी।

13वीं विश्व वरीयता प्राप्त भारतीय महिला टीम गुरुवार को इटली से पिछले वर्ष की हार का बदला लेना चाहेगी।

भारतीय टीम की कप्तान रितु रानी ने बुधवार को कहा, “टूर्नामेंट काफी प्रतिस्पर्धी रहा, लेकिन हमारे लिए काफी सकारात्मक चीजें भी रहीं। नीदरलैंड्स के खिलाफ पिछले मैच से हमें अहसास हुआ कि हमें अपनी रक्षा पंक्ति पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है तथा ज्यादा पेनाल्टी कॉर्नर देने से भी बचना होगा, साथ ही गेंद पर कब्जा बनाए रखते हुए अवसर बनाने पर काम करना होगा।”

इटली की कुशल टीम को देखते हुए भारतीय टीम अगले मैच में ज्यादा ताकत झोंकने की कोशिश करेगी और अपनी सबसे अच्छी रणनीति पर काम करेगी।

भारतीय टीम के मुख्य कोच माथियास आहरेंस ने कहा, “लड़कियों ने नीदरलैंड्स को पिछले दो क्वार्टर फाइनल मैच में काफी कड़ी टक्कर दी। अब हमारे सामने वर्गीकृत मैच हैं, जिसमें जीत हासिल कर हमें टूर्नामेंट में बेहतर स्थान हासिल करना है। भारतीय टीम अच्छे फॉर्म में है और अपने अगले प्रतिद्वंद्वी से बेहतर तरीके से निपटने में सक्षम है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493