मेड्रिड, 17 जुलाई (आईएएनएस)। हाल ही में अपना 19वां ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट जीतने वाले स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने एक और उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 15वीं बार एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
पेशेवर टेनिस महासंघ (एटीपी) ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, एक दिन पहले फेडरर ने फाइनल में क्रोएशिया के मारिन सिलिक को मात देते हुए अपना रिकार्ड आठवां विंबलडन खिताब जीता था। एटीपी ने कहा है कि फेडरर ने पहले ही साल के अंत में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में जगह पक्की कर ली थी। यह टूर्नामेंट 12 से 19 नवंबर के बीच लंदन में खेला जाएगा।
एटीपी की वेबसाइट ने फेडरर के हवाले से लिखा है, “मैं पिछले साल इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाने के कारण दुखी था। मैंने 2002 के बाद से इस टूर्नामेंट में हर साल हिस्सा लिया था।”
फेडरर का यह इस टूर्नामेंट में 15वां साल होगा। इससे पहले उन्होंने 14 बार इस टूर्नामेंट में शिरकत करते हुए छह बार यह खिताब अपने नाम किया है। इस टूर्नामेंट में रैंकिंग में शीर्ष आठ खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
इस टूर्नामेंट में इस साल रिकार्ड 10वीं बार प्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाले स्पेन के राफेल नडाल भी खेलते दिखाई देंगे।
dharmpath.com dharmpath