एडलाइन, स्टैडनिक और मैटसन ने की पीडब्ल्यूएल में भाग लेने की पुष्टि

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। पहले सीजन में अपार लोकप्रियता पाने के बाद प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के दूसरे संस्करण में इस बार देशवासियों को एडलाइन ग्रे, मारिया स्टैडनिक और सोफिया मैटसन जैसी अंतर्राष्ट्रीय धुरंधर महिला पहलवानों को भारतीय धरती पर खेलते देखने का मौका मिलेगा।

तीन बार की वल्र्ड चैम्पियन अमेरिका की महिला पहलवान एडलाइन ग्रे, रियो ओलम्पिक में रजत पदक विजेता अजरबेजान की मारिया स्टैडनिक और रियो में ही कांस्य पदक जीतने वाली स्वीडन की सोफिया मैटसन ने दिसंबर के मध्य में शुरू होने वाले पीडब्ल्यूएल-2 में हिस्सा लेने की पुष्टि कर दी है।

पीडब्ल्यूएल के दूसरे संस्करण का अयोजन देश के आठ शहरों में होगा, जो 15 दिसम्बर से शुरू होकर कुल 31 दिनों तक चलेगा।

एडलाइन ग्रे पिछले वर्ष पीडब्ल्यूएल के पहले संस्करण में भी खेल चुकी हैं। मुम्बई गरुड़ टीम की ओर से खेलते हुए वह पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहीं और अपने हैरतअंगेज दांव से भारतीय कुश्ती प्रेमियों का दिल जीतने में सफल रहीं।

ओलम्पिक खेलों में दो रजत और एक कांस्य पदक जीत चुकीं मारिया स्टैडनिक पूर्व वल्र्ड चैम्पियन और यूरोपियन चैम्पियन भी रह चुकी हैं।

पीडब्ल्यूएल के दूसरे संस्करण में भारतीय कुश्ती प्रेमियों की निगाह यूक्रेन की याना रैटिगन, नाइजीरिया की ओडुनायो और बेलारूस की वैसलिसा मार्जुलिक पर भी रहेंगी।

सीजन-1 में याना सीडीआर पंजाब रॉयल्स से खेली थीं। वहीं ओडुनायो सीजन-1 की सबसे बड़ी एंटरटेनर साबित हुई थीं। वैसलिसा भी ओडुनायो की तरह रियो ओलिम्पिक में भाग ले चुकी हैं। वह एडलाइन ग्रे के वजन में हैं और उन्हें चुनौती देने का दमखम रखती हैं।

इसके अलावा रियो ओलम्पिक में देश के लिए कांस्य पदक जीतने वाली साक्षी मलिक सहित सत्यव्रत काडियान, संदीप तोमर, बजरंग, अमित धनखड़ सहित देश के लगभग सभी शीर्ष पहलवान खेलते नजर आएंगे।

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने ओलिम्पिक, वल्र्ड चैम्पियनशिप और राष्ट्रमंडल पदक विजेताओं के एक मंच पर उतरने पर खुशी जाहिर की। उन्हें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में ओलिम्पिक और वल्र्ड चैम्पियनशिप के कई अन्य पदक विजेता पीडब्ल्यूएल के दूसरे संस्करण में हिस्सा लेने की पुष्टि कर सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493