एफआईए वर्ल्ड मोटर स्पोर्ट्स काउंसिल के बोर्ड सदस्य चुने गए गौतम

पेरिस, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति और रेसिंग सर्किट में एक जाना पहचाना नाम-गौतम सिंघानिया के एफआईए वर्ल्ड मोटर स्पोर्ट्स काउंसिल के बोर्ड सदस्य के रूप में चयन के साथ भारतीय मोटर स्पोर्ट ने इस प्रतिष्ठित वैश्विक काउंसिल में अपनी सीट फिर से हासिल कर ली है।

एफआईए के वार्षिक आम बैठक में शुक्रवार को गौतम सिंघानिया के चयन की पुष्टि हुई। इस बैठक में 22 नामांकित सदस्यों में से 14 का चयन होना था और गौतम इन 14 सदस्यों में स्थान बनाने में सफल रहे। गौतम ने 82 मत के अंतर से जीत हासिल की। इससे यह साबित होता है कि एफएमएससीआई विश्व स्तर पर अपना अहम स्थान बना चुका है।

एफएमएससीआई के अध्यक्ष अकबर इब्राहिम को डिप्यूटी टिटुलार नियुक्त किया गया और वह अब गौतम सिंघानिया के साथ वर्ल्ड मोटर स्पोर्ट्स काउंसिल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इसके अलावा वर्ल्ड मोटर स्पोर्ट्स को मजबूत बनाए रखने के लिए भारत द्वारा नामांकित 20 सदस्यों में से 17 को एफआईए स्पोर्टिग कमिशंस में विभिन्न पदों पर फिर से बहाल किया गया है।

सिंघानिया ने कहा, “मैं चुना जा चुका हूं और इस तरह चुने जाने को लेकर रोमांचित हूं। यह मेरे लिए सम्मान की बात है और मैं अपना श्रेष्ठ देने का प्रयास करूंगा। सहयोग और समर्थन के लिए मैं एफएमएससीआई के सदस्यों का धन्यवाद करता हूं। मैं एक चालक हूं और मोटर स्पोर्ट्स पसंद करता हूं, लिहाजा मैं जानता हूं कि किन मुद्दों पर काम किया जाना चाहिए।”

वर्ल्ड मोटर स्पोर्ट्स काउंसिल में सात उपाध्यक्षों और सहायक अध्यक्ष के अलावा 14 सदस्य होते हैं। यह एफआईए से सम्बंधित सभी वैश्कि आयोजनों की देखरेख करता है। इसके सदस्य चार साल के कार्यकाल के लिए चुने जाते हैं।

अकबर इब्राहिम इस विजय से काफी खुश दिखे। अकबर ने कहा, “मैं बेहद खुश हूं कि गौतम सिंघानिया का चयन हो गया। भारत एफआईए वर्ल्ड मोटर स्पोर्ट्स काउंसिल का बोर्ड सदस्य बन गया है, इस बात से मुझे हार्दिक संतोष मिला है। मैं एफआईए अध्यक्ष जीन टॉड और एफआईए वार्षिक बैठक में शामिल सभी सदस्यों को भारत, गौतम सिंघानिया और एफएमएससीआई को सहयोग और समर्थन देने के लिए धन्यवाद कहना चाहता हूं।”

अकबर ने आगे कहा, “हमारे लिए यह भी गर्व का विषय है कि हमारे द्वारा नामांकित 22 में से 17 सदस्य एफआईए स्पोर्टिग कमिशंस में विभिन्न पदों पर फिर से चुने गए हैं। यह एफआईए में भारत का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493