एफडीआई के लिए एसबीआई का जापान डेस्क शुरू (लीड-1)

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। देश में निकट भविष्य में जापान से करीब 30 अरब डॉलर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आकर्षित करने के मकसद से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने मंगलवार को अपना जापान डेस्क शुरू किया, जो जापानी कंपनियों के लिए एकल खिड़की के तौर पर काम करेगा।

एसबीआई अध्यक्ष अरुं धति भट्टाचार्य ने जापान डेस्क शुरू होने के बाद यहां संवाददाताओं से कहा, “जापान के ग्रामीण बैंक भारत में अपने संचालन का विस्तार करना चाहते हैं और उन्हें एक खिड़की चाहिए। जापान डेस्क जापानी निवेशकों और भारतीय जरूरतों के बीच सेतु का काम करेगा।”

उन्होंने कहा, “जापानी कंपनियों को नए वित्तीय और नियामकीय कानूनों की समझने में मदद चाहिए। भारतीय उद्यमियों को भी इस तरह की मदद चाहिए।”

यह एसबीआई द्वारा शुरू किया जाने वाला इस तरह का पहला डेस्क है। यह भारत आने वाले जापानी निवेशकों को मदद करेगा, साथ ही जापानी कंपनियों की भारतीय इकाइयों और देश में आने की इच्छुक जापानी एसएमई कंपनियों को गैर-वित्तीय सहायता देगा।

देश में जापान के राजदूत केंजी हिरामात्सु ने इस अवसर पर कहा, “जापान-भारत निवेश संवर्धन साझेदारी के तहत हमें जापान से 30 अरब डॉलर निवेश की उम्मीद है।”

एसबीआई जापानी कंपनियों को रुपये मूल्य में ऋण देगा, जिसके लिए जापानी बैंक एसबीआई की टोक्यो शाखा को लेटर ऑफ क्रेडिट जारी करेगा।

डेस्क के उद्घाटन के मौके पर भट्टाचार्य ने चीन को विनिर्माण केंद्र बनाने में जापान की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि जापान से भारतीय विनिर्माण के लिए भी यही भूमिका निभाने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ही बैंक ऑफ जापान (बीओजे) की नकारात्मक ब्याज दर मंगलवार से लागू हो गया। इस ऐतिहासिक कदम का मकसद जापानी अर्थव्यवस्था में तेजी लाना है।

बीओजे ने वाणिज्यिक बैंकों द्वारा केंद्रीय बैंक में जमा की जाने वाली राशि पर नकारात्मक 0.1 फीसदी ब्याज दर लागू करने की घोषणा 29 जनवरी को की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493