एबीवीपी ने डीयू में ‘तिरंगा मार्च’ निकाला

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार को यहां तिरंगा मार्च निकाला। उन्होंने वामपंथी रूझान वाले छात्रों पर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए यह रैली निकाली।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा के प्रदर्शनकारी छात्रों ने रामजस कॉलेज से लेकर आर्ट्स फैकल्टी तक एक बड़ा तिरंगा लेकर मार्च निकाला और नारे लगाए।

एबीवीपी ने कहा कि वे ‘भारत-विरोधी नारे’ लगाने वाले ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

एबीवीपी के एक कार्यकर्ता ने कहा, “जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में जो कुछ भी हुआ, वह हम रामजस कॉलेज में नहीं होने देंगे।”

दरअसल, जेएनयू के छात्र उमर खालिद को पिछले सप्ताह रामजस कॉलेज में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन एबीवीपी के विरोध के बाद कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। इस घटना के एक दिन बाद रामजस कॉलेज के बाहर प्रदर्शन करने आए आइसा के छात्रों की एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हो गई थी।

उमर खालिद को पिछले साल कथित तौर पर भारत विरोधी नारेबाजी के लिए देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493