कुआलालंपुर, 21 जून (आईएएनएस)। मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान संख्या एमएच17 वाले विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की घटना में मारे गए 298 लोगों की स्मृति में अगले महीने कुआलालंपुर में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित किया जाएगा। यह विमान पिछले साल पूर्वी यूक्रेन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
‘द मलेशियन स्टार’ में रविवार को प्रकाशित रपट के अनुसार, परिवहन मंत्री लियो तियांग लई ने बताया कि वह कार्यक्रम की तारीख और अन्य चीजें तय हो जाने के बाद बुधवार को एक रपट पेश करेंगे।
लियो ने कहा, “नीदरलैंड के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया भी अगले महीने अलग श्रद्धांजलि सभा आयोजित करेगा।”
उन्होंने बताया, “मलेशिया एयरलाइंस मृतकों के परिजनों को श्रद्धांजलि सभा के लिए नीदरलैंड ले जाना चाहता है। क्योंकि वे इसमें शामिल होना चाहते हैं।”
गौरतलब है कि 17 जुलाई को बोइंग 777-200 विमान एम्सटर्डम से कुआलालंपुर जाने के दौरान पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस क्षेत्र में दोनेत्स्क की स्वघोषित सेना और यूक्रेन की सेना के बीच संघर्ष चल रहा है।
विमान में सवार सभी 283 यात्रियों की मौत हो गई थी। इसमें 10 देशों के नागरिक सवार थे। इनमें से अधिकांश नीदरलैंड के नागरिक थे।
दुर्घटना के संबंध में यह भी माना जा रहा है कि इसे सतह से हवा या हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल से मार गिराया गया था। यूक्रेन प्रशासन और स्वयंभू दोनेत्स्क पीपुल्स रिपब्लिक के मिलीशिया ने एक-दूसरे पर इस घटना के आरोप लगाए हैं।
dharmpath.com dharmpath