हैदराबाद, 21 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को यहां कहा कि योग जीवनशैली के रोगों से दूर रख सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जीवनशैली में छोटी-मोटी बीमारियां बड़ी चुनौतियां हैं और इनसे मुकाबला करने में योग मददगार साबित हो सकता है।
नड्डा ने कहा कि योग से मानव शरीर की प्रतिरक्षा क्षमता बढ़ती है और शरीर को बीमरियों से लड़ने की ताकत मिलती है।
उन्होंने कहा, “हमने संक्रामक बीमारियों पर तो नियंत्रण पा लिया है, लेकिन जीवनशैली की बीमारियां जैसे तनाव, मधुमेह, कैंसर, दिल का दौरा आज के समय में स्वास्थ्य की बड़ी चुनौतियां हैं और योग इन सबका निदान है।”
नड्डा ने यह भी कहा कि योग को सिर्फ स्वास्थ्य एवं शारीरिक अभ्यास के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। इससे योग के साथ न्याय नहीं हो पाएगा। यह जीवात्मा को परमात्मा से मिलाने का एक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि योग तन, मन, चेतन और आत्मा का संयोग है।
नड्डा और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री बंडारू दत्तात्रेय सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने संजीवैया पार्क में योग किया।
उन्होंने कहा कि योग को एक दिन की गतिविधि के रूप में नहीं लेना चाहिए, बल्कि इसे स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली में शुमार करना चाहिए।
नड्डा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दुनियाभर में करोड़ों लोगों ने योग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने इसे विश्व की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य गतिविधि करार दिया।
उन्होंने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किए जाने के लिए संयुक्त राष्ट्र की सराहना की।
dharmpath.com dharmpath