गुड़गांव, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। एक बहुराष्ट्रीय मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी के एक पूर्व कर्मचारी पर कंपनी की महत्वपूर्ण गुप्त जानकारी और डाटा चोरी करने का मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर-43 में स्थित सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक प्राइवेट लिमिटेड के सूचना सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक विक्रांत ने इस सिलसिले में स्थानीय सुशांत लोक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 के निवासी अतुल जैन के खिलाफ पुलिस ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66-बी के तहत मामला दर्ज किया है।
थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, जैन ने कंपनी में काम करने के दौरान कई महत्वपूर्ण गुप्त जानकारी और जरूरी डाटा की चोरी की तथा इन्हें आधिकारिक ई-मेल आईडी से अपनी निजी ई-मेल आईडी में स्थानांतरित किया।
जैन पर इस जानकारी का अवैध रूप से इस्तेमाल करने और इसे साझा करने का आरोप है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जैन को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath