देश में अघोषित आपातकाल : शरद यादव

बिहारशरीफ , 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष व सांसद शरद यादव ने सोमवार को कहा कि आज देश में आपातकाल जैसी हालत है, लेकिन यह घोषित नहीं है।

बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में जद (यू) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के अंतिम दिन सोमवार को खुला अधिवेशन को संबोधित करते हुए यादव ने कहा, “इंदिरा गांधी के समय आपातकाल दिखती थी, लेकिन आजकल जो हाल है सो दिखता भी नहीं है। बहुत कठिन है।”

उन्होंने कहा कि आज लोग संविधान और कानून की मर्यादा का भी ख्याल नहीं रख रहे हैं। एक देश में एक ही कानून चलना चाहिए।

शरद यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव भाजपा ने सिर्फ पैसे के दम पर जीता। लोगों को सपने दिखाए गए और देश की जनता नरेंद्र मोदी के सपने दिखाने की ‘कला’ का सच नहीं समझ सकी। लेकिन ढाई साल में पूरी पोलपट्टी खुल गई है। अब लोग झांसे में आनेवाले नहीं हैं।

गौरतलब है कि 10 साल सत्ता से बाहर रहने के बावजूद भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 31 हजार करोड़ रुपये खर्च किए थे।

वहीं, जद (यू) नेता क़े सी़ त्यागी ने पार्टी अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाए जाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब नीतीश को देश का सपना पूरा करने के लिए छोड़ दें। अब नीतीश बिहार ही नहीं, देश की जरूरत बन गए हैं।

उन्होंने कहा, “पूरा देश नीतीश को उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। बिहार के लोग अब देश के सपने पूरा करने के लिए उन्हें छोड़ दें, यह देशहित में होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493