नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार सरकारी स्वामित्व वाली कंपनियों के प्रति न सिर्फ लोगों की मानसिकता में बदलाव लाने में कामयाब रही है, बल्कि एयर इंडिया, बीएसएनएल तथा शिपिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड जैसी कंपनियों को लाभप्रद बनाने में उनकी मदद भी की है।
मोदी ने आजादी की 70वीं वर्षगांठ के मौके पर लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, “एयर इंडिया नुकसान के लिए जानी जाती थी। मेरी सरकार ने इसे लाभ कमाने लायक बनाने में सफलता पाई है।”
उन्होंने कहा, “सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां को हमेशा नुकसान तथा अंतत: बंद होने वाले उपक्रम के तौर पर देखा जाता था। हम सार्वजनिक क्षेत्र की कई कंपनियों को मुनाफे में लाने में कामयाब हुए हैं।”
प्रधानमंत्री ने पिछली सरकारों पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में सरकारी स्वामित्व वाली कंपनियां या तो घाटे में चली गईं या फिर उन्हें बेच दिया गया।
मोदी ने कहा, “अब चीजें बदल चुकी हैं।”
उन्होंने कहा कि एयर इंडिया, दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया अब लाभ कमा रही हैं।
मोदी ने कहा, “एयर इंडिया की पहले आलोचना की जाती थी। जिस वक्त विश्व की हर दूरसंचार कंपनी मुनाफा कमा रही थी, वहीं बीएसएनएल घाटे में चल रही थी। अब बीएसएनएल भी अच्छा लाभ कमा रही है।”
शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया को देखकर हर कोई सोचता था कि यह अब कभी मुनाफे में नहीं आएगी।
dharmpath.com dharmpath