नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय बास्केटबॉल टीम को 23 सितंबर से शुरू हो रहे 28वें फीबा एशिया पुरुष चैम्पियनशिप में मौजूदा चैम्पियन ईरान के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है।
चीन के चांगशा में होने वाला यह चैम्पियनशिप तीन अक्टूबर तक चलेगा।
ग्रुप-ए में भारत और ईरान के अलावा खिताब के दो अन्य प्रबल दावेदार जापान और मलेशिया भी हैं।
यह टूर्नामेंट अगले वर्ष ब्राजीलियाई शहर रियो डी जनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी होगा।
विशेष भृगुवंशी के नेतृत्व वाली भारतीय टीम में अमियाजोत सिंह और अमृतपाल सिंह जैसे युवा प्रतिभाशाली अटैकर हैं।
अमृतपाल और अमियाजोत भारत के ऐसे पहले खिलाड़ी हैं, जिन्हें जापान के लीग टूर्नामेंट में खेलने का अनुबंध मिला।
ओनजीसी की टीम में भृगुवंशी के साथी खिलाड़ी यादविंदर सिंह की भी भूमिका अहम होगी।
भृगुवंशी ने शनिवार को कहा, “हमारी मुख्य टीम लगभग वही है, इसलिए हमें दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है। हमारा प्राथमिक लक्ष्य मलेशिया के खिलाफ होने वाला पहला मैच जीतना है। इसके बाद हम ईरान और जापान को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेंगे। अगर हम ऐसा कर सके तो हम दूसरे दौर में प्रवेश करने में सफल रहेंगे।”
dharmpath.com dharmpath