सिडनी, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में एक किशोर को देश के राष्ट्रीय दिवस स्मरण के मौके पर आतंकवादी हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के आतंकवाद रोधी अधिकारियों ने 16 वर्षीय किशोर को रविवार देर रात पश्चिमी सिडनी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी उस वक्त हुई है, जब चंद घंटों बाद प्रथम विश्वयुद्ध में मारे गए सैनिकों व महिलाओं की याद में लोगों को बड़ी संख्या में एकत्रित होना है।
न्यू साउथ वेल्स राज्य के पुलिस आयुक्त एंड्रयू साइपियोन ने सोमवार को कहा, “फिलहाल हमारा मानना है कि वह आत्मघाती हमलावर है।”
उन्होंने कहा, “इस जोखिम के खतरे को टाल दिया गया है।”
पिछले साल मेलबॉर्न शहर से 14 वर्षीय लड़के सहित पांच किशोरों को गिरफ्तार किया गया था। वे लोग कथित तौर पर ऐसे ही कार्यक्रमों में आतंकवादी हमले की फिराक में थे।
ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (एएफपी) एनएसडब्ल्यू राज्य कमांडर क्रिस शीहन ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया व दुनियाभर में आतंकवाद से सुधार लाने की मंशा रखने वालों में कम से कम उम्र के लोग शामिल होते जा रहे हैं।”
पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के आतंकवाद रोधी अधिकारियों ने सिडनी में एएफपी मुख्यालय सहित ऑस्ट्रेलियाई सरकार की इमारतों पर हमले की साजिश रचने के सिलसिले में 20 वर्षीय युवक व 15 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था।
dharmpath.com dharmpath