ओआरओपी पर झूठ बोलना बंद करें प्रधानमंत्री मोदी : राहुल (लीड-1)

नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला और कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर झूठ बोलना बंद कर देना चाहिए और इसे लागू करके दिखाना चाहिए।

राहुल ने इसके साथ ही सरकार से मांग की कि वह पूर्व सैनिक राम किशन ग्रेवाल के परिवार से माफी मांगे। ग्रेवाल ने ओआरओपी लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को जंतर मंतर पर आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद ग्रेवाल के परिवार के साथ पुलिस ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था।

राहुल ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व सैनिकों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “पूर्व सैनिकों ने ओआरओपी पर कहा है कि यह पैसे का मुद्दा नहीं, बल्कि उनके सम्मान का सवाल है, न्याय का सवाल है। उनकी कई मांगें हैं, ओआरओपी की मांग है, 7वां वेतन आयोग लागू करने की मांग है, जिसे सरकार को हर हाल में पूरा करना चाहिए।”

राहुल ने कहा, “देश में जय जवान जय किसान का नारा लगता है, लेकिन यह सरकार न तो देश के किसानों का सम्मान कर रही है, और न जवानों का। मगर उद्योगपतियों को 110,000 करोड़ रुपये दे चुकी है। यह ठीक नहीं है।”

राहुल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में कह रहे हैं कि उन्होंने ओआरओपी को लागू कर दिया है, लेकिन सच्चाई यह है कि वन रैंक वन पेंशन लागू नहीं हुआ है। यह सिर्फ पेंशन वृद्धि है। इस बात को सेना के अधिकारी, जनरल सभी जानते हैं। मेरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह है कि वह झूठ बोलना बंद करें और वन रैंक वन पेंशन ईमानदारी के साथ लागू करें।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सवाल किया, “यदि आप (प्रधानमंत्री मोदी) ने ओआरओपी लागू कर दिया है, तो ये पूर्व सैनिक जंतर मंतर पर आंदोलन क्यों कर रहे हैं?”

राहुल ने आरोप लगाया कि ओआरओपी को लेकर आत्महत्या कर चुके पूर्व सैनिक ग्रेवाल के परिवार के साथ बुधवार को मारपीट की गई, उन्हें हिरासत में रखा गया।

राहुल ने कहा, “यह ठीक नहीं है। किसी भी सरकार को अपनी जनता के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए, सैनिकों के साथ तो कत्तई नहीं, जो देश के लिए अपनी जान देते हैं। सरकार इसके लिए माफी मांगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493