मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। पहले ओटावा इंडियन फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स(ओआईएफएफए) का आगाज आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर अभिनीत ‘दम लगाके हईशा’ फिल्म से होगा।
ओटावा इंडियन फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स का आगाज 22 जुलाई को होगा और 25 जुलाई तक चलेगा।
फिल्म में ‘प्रेम’ की भूमिका निभाने वाले आयुष्मान खुराना ने एक बयान में कहा, “मुझे खुशी है कि ‘दम लगाके हईशा’ दर्शकों और फिल्म समीक्षकों दोनों को पसंद आई। इसकी विषय सामग्री, यथार्थवाद और अदाकारी ने इसे इस साल की बेहतर फिल्मों में से एक बना दिया।”
यश राज फिल्म्स बैनर की इस फिल्म का निर्देशन शरत कटारिया ने किया।
फिल्मोत्सव के उद्घाटन अवसर पर आयुष्मान और भूमि पेडनेकर दोनों मौजूद रहेंगे।
चार दिवसीय फिल्मोत्सव में 15 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी और सिनेप्लेक्स, कोलिजीयम और नेशनल आर्ट्स सेंटर्स, ओटावा, ओन्टारियो के सिनेमाघरों में दिखाई जाएंगी।
dharmpath.com dharmpath