ओडिशा के मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बताए सफलता के मंत्र

भुवनेश्वर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को राज्य के विद्यार्थियों को सफलता के तीन मंत्र बताए।

अंग्रेजी के अक्षर ‘सी’ से शुरू होने वाले तीन शब्दों को उन्होंने इसका आधार बताया। उन्होंने कहा कि ये मंत्र हैं करेज (साहस), कन्विक्शन (दृढ़ विश्वास) और कमिटमेंट (प्रतिबद्धता) और इन पर अमल कर जीवन में सफलता पाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने एक राज्यस्तरीय विद्यार्थी सम्मेलन में कहा, “जीवन में सफलता के लिए तीन शब्द महत्वपूर्ण हैं। ये हैं-करेज, कन्विक्शन और कमिटमेंट। अगर किसी विषय पर आपका दृढ़ विश्वास है तो फिर प्रतिबद्धता और साहस के साथ इसे पाने के लिए आगे बढ़ें। आपको जीवन में सफलता मिलनी तय है।”

सम्मेलन का आयोजन सत्तारूढ़ बीजू जनता दल की छात्र इकाई ने किया था।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास का उनका सपना केवल युवाओं और छात्रों की भागीदारी से ही साकार हो सकेगा।

राज्य में सूखे की हालत पर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा ओडिशा के लिए कोई नई बात नहीं है।

उन्होंने कहा, “हमने बीते 15 साल में बाढ़, तूफान और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं का सफलतापूर्वक सामना किया है। हमने मौजूदा सूखे से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493