ओडिशा : तांत्रिक और उसके दो बेटे गिरफ्तार

भुवनेश्वर, 31 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा पुलिस ने एक स्वयंभू तांत्रिक के साथ उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने सोमवार को कहा कि तांत्रिक और उसके बेटों को एक सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी तथा लोगों के साथ धोखा-धड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सुंदरनाथ मिश्रा और उसके दो बेटों को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में स्थित विवादस्पद त्राही अच्युत आश्रम से सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आश्रम से कथित तौर पर दो बंदूकें भी जब्त की।

रविवार की रात को आश्रम में घुसी गुस्साई भीड़ ने वाहनों और घरों को आग लगा दी तथा परिसर में रखी अन्य चीजों में तोड़-फोड़ भी की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम वित्तीय अनियमितता, भूमि अतिक्रमण, अपराधियों को पनाह तथा यौन उत्पीड़न सहित हर चीज के बारे में तीनों से पूछताछ कर रहे हैं।”

ओडिशा पुलिस ने इससे पहले स्वयंभू संत सारथी बाबा को वित्तीय अनियमितता और यौनाचार के आरोपों पर गिरफ्तार किया था।

ओडिशा सामाजिक न्याय अभियान अध्यक्ष जयंत कुमार भोई ने बालीपंता पुलिस थाने में 24 घंटों के भीतर तथाकथित तांत्रिक और उसके दो बेटों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।

भोई ने चेतावनी दी थी, “अगर सरकार दर्ज कराई गई शिकायत में दिए हुए समय में स्वयंभू तांत्रिक के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पाई तो सैकड़ों लोग मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर घेराव करेंगे।”

उन्होंने कहा कि आरोपी ने अवैध रूप से कई एकड़ जमीन, भुवनेश्वर में एक लकड़ी के डिपो, 14 ट्रकों तथा कई अन्य इमारतों को अपने कब्जे में लिया।

इस बीच, राज्य पुलिस ने कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आश्रम के बाहर पुलिस बल को तैनात किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493