ओडिशा पुलिस 4 संदिग्ध आतंकियों की तलाश में

भुवनेश्वर, 26 जनवरी (आईएएनएस)। ओडिशा पुलिस ने मंगलवार को चार संदिग्ध आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू किया, जो पुलिस दल के आने से कुछ देर पहले ही यहां एक होटल के कमरे से भाग गए थे। दावा किया जा रहा है कि वे इराकी नागरिक थे।

पुलिस को शक है कि उनकी योजना राज्य में गणतंत्र दिवस परेड में व्यवधान डालने की थी।

संयोग से होटल गणतंत्र दिवस समारोह स्थल से केवल 300 मीटर की दूरी पर स्थित है।

विदेशी सोमवार रात होटल में ठहरने के लिए आए थे, लेकिन जब प्रशासन ने उन्हें पहचान के लिए पासपोर्ट दिखाने को कहा तो उनके पास पासपोर्ट नहीं थे, जिसके कारण उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ।

पुलिस आयुक्त आर. पी. शर्मा ने कहा, “चारों संदिग्ध आतंकी एक कार से भुवनेश्वर आए थे, जो दिल्ली में पंजीकृत थी। वे खुद को इराकी नागरिक बताकर होटल में आए थे। हालांकि प्रशासन द्वारा उनसे पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर वे होटल से भाग गए।”

शर्मा ने कहा कि उनकी कार की नम्बर प्लेट भी नकली पाई गई।

शर्मा ने कहा, “हमें कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधि और भुवनेश्वर में गणतंत्र दिवस समारोह पर संदिग्ध आतंकी हमले की गुप्त सूचना मिली थी।”

पुलिस उपमहानिदेशक के. बी. सिंह ने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में राज्य के विभिन्न इलाकों और भुवनेश्वर में छापेमारी जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493