भुवनेश्वर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा और पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सैकड़ों किसानों ने यहां सोमवार को किसान समुदाय की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
राज्य के कई जिलों के किसानों ने ओडिशा क्रुशक संगठन समन्वय समिति के बैनर तले समुदाय के प्रति सरकार की कथित उदासीनता के खिलाफ ‘क्रुषक अधिकार चेतावनी समावेश’ का आयोजन किया।
इस प्रदर्शन में पश्चिम बंगाल की अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति ने भी भाग लिया।
हाथों में बैनर लहराते और नारे लगाते किसानों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी और किसान ऋण में छूट की मांग की।
धान के एमएसपी में 80 रुपये की बढ़ोतरी को नाकाफी बताते हुए उन्होंने धान के एमएसपी को बढ़ाकर 2,930 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादा किया था।
पर्यावरणविद् और किसान नेता प्रफुल्ल सामंत्रे ने भी इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। उन्होंने राज्य और केंद्र, दोनों सरकारों को किसान विरोधी करार दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अभी तक किसानों को बोनस नहीं दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार से धान का एमएसपी 2,930 रुपये प्रति क्विंटल करने का आग्रह किया।
सामंत्रे ने केंद्र सरकार पर बरसते हुए कहा कि धान की एमएसपी में 80 रुपये की मामूली वृद्धि की गई है, जबकि मोदी ने 2014 के आम चुनाव के दौरान दाम दोगुना करने का वादा किया था।
dharmpath.com dharmpath