भुवनेश्वर, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा सरकार ने राज्य में भीषण लू के कारण स्कूलों की छुट्टियां 26 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी हैं।
इससे पहले, राज्य सरकार ने गर्मी और लू के मद्देनजर स्कूलों को 20 अप्रैल तक बंद रखने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, “राज्य में भीषण लू के कारण सरकार ने स्कूलों को 26 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला किया है।”
यह फैसला मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के हालात का जायजा लिया गया।
राज्य सरकार ने सूखा प्रभावित 27 जिलों में छुट्टियों के दौरान भी बच्चों को मिड डे मिल देने का फैसला लिया है।
इस दौरान, लगभग 36 हजार स्कूलों में मिड डे मिल प्रदान किया जाएगा। इसके लिए 81 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
तटीय ओडिशा में तापमान में मामूली कमी दर्ज करने के बावजूद राज्य में लू का कहर जारी है।
भुवनेश्वर मौसम कार्यालय के निदेशक सरत चंद्र साहू ने कहा, “हालांकि, ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में तापमान में मामूली कमी होगी लेकिन 21 अप्रैल से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी और साथ ही भीषण लू चलेगी।”
इस बीच, विशेष राहत आयुक्त पी.के.मोहपात्रा ने कहा कि कथित तौर पर लू के कारण 45 लोगों की मौत की खबर मिली है।
dharmpath.com dharmpath