ओडिशा : हिंसा प्रभावित भद्रक में कर्फ्यू में ढील

भुवनेश्वर, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के हिंसा प्रभावित भद्रक शहर की स्थिति में सुधार होने के बाद सोमवार को प्रशासन ने कर्फ्यू में छह घंटे की ढील दी, लेकिन सोशल मीडिया मंच अभी भी ब्लॉक हैं।

भद्रक जिला कलेक्टर ज्ञान रंजन दास ने कहा कि लोगों को जरूरी सामान खरीदने के लिए कर्फ्यू में शुरू में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और बाद में अपराह्न् दो बजे तक के लिए ढील दी गई।

उन्होंने कहा कि सभी शैक्षिक संस्थानों, बैंकों और सरकारी कार्यालयों को मंगलवार से खोला जाएगा।

पुलिस महानिदेशक के.बी. सिंह ने कहा कि शहर में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं।

सिंह ने कहा, “स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शहर में सामान्य स्थिति बहाल है। कर्फ्यू में ढील के दौरान शहर की कई दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले।”

उन्होंने कहा कि बीते सप्ताह शहर में हुई हिंसा में अब तक 8 मामले दर्ज किए गए हैं और करीब 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के आसपास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के साथ पुलिस के 38 प्लाटून तैनात किए गए हैं।

इस बीच अपराध शाखा ने सोशल मीडिया पर हिंदू देवताओं के बारे में पोस्ट की गई अश्लील टिप्पणी की जांच शुरू कर दी है, जिससे बीते सप्ताह जिला मुख्यालय पर हिंसा हुई थी।

अपराध शाखा के विशेष महानिदेशक बी.के. शर्मा ने ट्वीट किया, “सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहों की जांच के लिए ओडिशा अपराध शाखा की साइबर टीम भद्रक में है। सात सदस्यों की टीम सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री और अफवाहों से जुड़े सभी पक्षों की जांच करेगी।”

शर्मा ने कहा कि साइबर पुलिस प्रकोष्ठ सोशल मीडिया पर नफरत भरे संदेशों का प्रसार करने वाले अपराधियों को पकड़ने के लिए लोगों से जानकारी मांग रहा है। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493