वाशिंगटन, 18 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा मार्च में क्यूबा की यात्रा करने वाले हैं। पिछले 80 से भी अधिक साल में यह पहला मौका है, जब अमेरिका का कोई राष्ट्रपति इस द्वीप देश की यात्रा करेगा।
‘सीएनएन’ की बुधवार की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस इस यात्रा की विस्तृत जानकारी गुरुवार को जारी कर सकता है।
एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने कहा, “हम इसकी पुष्टि कर सकते हैं कि प्रशासन क्यूबा सहित लैटिन अमेरिका की अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा की घोषणा आगामी सप्ताहों में कर सकता है।”
अधिकारी ने कहा कि ओबामा कोलंबिया की सरकार और एफआरसी विद्रोही समूह के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान मौजूद रह सकते हैं। ओबामा ने इस समझौते को लागू करने के लिए अपने नवीनतम हालिया बजट प्रस्ताव में 40 करोड़ डॉलर देने की प्रतिबद्धता जताई है।
ओबामा की क्यूबा यात्रा अमेरिका और क्यूबा के बीच कूटनीतिक संबंधों की बहाली और संबंध सामान्य बनाने की प्रक्रिया के तहत हो रही है। इससे पहले जनवरी 1928 में अमेरिकी राष्ट्रपति काल्विन कूलिज ने क्यूबा की यात्रा की थी।
क्यूबा और अमेरिका ने संबंध सामान्य बनाने की प्रक्रिया के तहत मंगलवार को नागरिक उड्डयन पर एक ऐतिहासिक समझौता किया, जिसके तहत दोनों देशों के बीच नियमित वाणिज्यिक उड़ानें शुरू होंगी। यह पिछले पांच दशक से भी अधिक समय में पहली बार होने जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath