लंदन, 14 जुलाई (आईएएनएस)। अगले महीने से शुरू होने वाले रियो ओलम्पिक-2016 के लिए ब्रिटेन ने 80 एथलिटों वाली टीम की घोषणा की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ओलम्पिक चैम्पियन जेस एनिस हिल, मो फाराह और ग्रेग रदरफोर्ड ब्राजील में अपने-अपने खिताब बचाने की कोशिश करेंगे।
लंदन ओलम्पिक-2012 में पदक जीतने वाली क्रिस्टीन ओहुरुगु एक बार फिर 400 मीटर स्पर्धा में हिस्सा लेती नजर आएंगी। ओहुरुगु ने बीजिंग ओलम्पिक-2008 में स्वर्ण पदक हासिल किया था। रॉबी ग्राबाज भी ऊंची कूद में वापसी करते दिखेंगे जबकि जो पेवी अपने पांचवें ओलम्पिक में हिस्सा लेती नजर आएंगी। वह 10,000 मीटर स्पर्धा में मुकाबला करेंगी। बुधवार को सूची की घोषणा की गई।
ब्रिटिश एथलीटों ने पिछले 12 महीनों में रियो के लिए अच्छी तैयारी की है। टीम ने 2015 बीजिंग विश्व चैम्पियनशिप में कुल सात पदक जीते थे।
हिल, फाराह और रदरफोर्ड स्वर्ण पदक विजेता हैं, जबकि शारा प्रोक्टर ऊंची कूद में रजत पदक जीत चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath