नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के लोकप्रिय मोबाइल ऐप ओला ने आज शहर के अंदर सवारी को आसान बनाने के लिए ‘ओला रेंटल’ के लांच की घोषणा की है; जो ओला लक्स, ओला प्राईम सीडैन, एसयूवी और ओला मिनी पर घण्टों के हिसाब से किफायती पैकेज उपलब्ध कराएगी।
यह ओला के कारपोरेट उपभोक्ताओं और अधिकारियों की जरूरतों को पूरा करेगी जिन्हें दिन में एक के बाद एक कई मीटिंग्स के लिए अलग-अलग जगह जाना पड़ता है। साथ ही उन लोगों के लिए भी फायदेमंद होगी जो स्थानीय पर्यटन स्थलों के भ्रमण और खरीदारी आदि के लिए कैब बुक करना चाहते हैं। ‘ओला रेंटल’ और ‘ओला कारपोरेट’ के साथ सवारी, बिलिंग का अनुभव अधिक सहज और सुविधानजक हो जाएगा। ‘ओला रेंटल’ वर्तमान में 35 शहरों में उपलब्ध है और जल्द ही इसे देश के 100 शहरों में उपलब्ध कराया जाएगा।
इस मौके पर ओला में सीएमओ और हैड ऑफ कैटेगरीज रघुवेश सरूप ने कहा, “हमने कारपोरेट कर्मचारियों और उन लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ‘ओला रेंटल’ का लॉन्च किया है जिन्हें एक ही दिन में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाना पड़ता है। ऐसे में वे चाहते हैं कि जहां वे जाएं, उनकी कैब उनके साथ रह कर उनका इंतजार करे और उन्हें अगले गंतव्य तक भी पहुंचाए।”
‘ओला रेंटल’ के द्वारा उपभोक्ता को एक ही दिन में बार-बार कैब बुक करने के लिए समय और ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी पड़ेगी। इस श्रेणी के लिए उच्च गुणवत्ता के वाहन और उच्च श्रेणी के ड्राइवर उपलब्ध कराए जाएंगे जिन्हें उपभोक्ताओं को उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। ‘ओला रेंटल’ का लांच ओला को भारत का एकमात्र परिवहन प्लेटफॉर्म बनाता है जो घंटों के पैकेज पर लक्जरी एसी कैब उपलब्ध कराती है।
dharmpath.com dharmpath