ओ.पी. शर्मा के निवास के बाहर आप समर्थकों का प्रदर्शन

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के समर्थकों ने पार्टी की विधायक अलका लांबा के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ओ.पी. शर्मा की कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को उनके घर के बाहर प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने मंगलवार को शर्मा को गुरुवार तक के लिए निलंबित कर दिया, जबकि आप विधायक शर्मा को पूरे शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित करने की मांग कर रहे हैं, जो 28 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

शर्मा ने मंगलवार को विधानसभा में शहर में बेघर लोगों और रैन बसेरों पर चर्चा के दौरान लांबा के खिलाफ टिप्पणी की थी।

आप के एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “उन्हें अधिक कठोर दंड दिया जाना चाहिए। दो दिन का निलंबन काफी नहीं है।”

आप के एक अन्य समर्थक ने कहा, “वह लगातार अलका लांबा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हैं। यह अस्वीकार्य है। वह कैसे एक महिला के खिलाफ इस तरह की बातें कह सकते हैं और वह भी दिल्ली विधानसभा में?”

विधानसभा में चर्चा के दौरान विपक्षी नेता और भाजपा के विधायक विजेंद्र गुप्ता ने आप सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने वाली है, लेकिन दिल्ली सरकार बेघर लोगों की मौतों को लेकर गंभीर नहीं है।

लांबा ने गुप्ता की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि बेघर लोगों में से अधिकांश नशे के कारण मर रहे हैं, न कि सर्दी के कारण।

उनके ऐसा कहने के बाद ही शर्मा ने कथित तौर पर उनके खिलाफ ‘अपमानजनक’ टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘यह रातभर घूमती हैं।’

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493