कटनी हवाला मामले में शिवराज ‘धृतराष्ट्र’ : कांग्रेस

भोपाल, 20 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में हुए हवाला कांड को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए उनकी तुलना महाभारत के पात्र ‘धृतराष्ट्र’ से की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने शुक्रवार को यहां एक बयान जारी कर कहा, “शुचिता और सदाचार का पाठ पढ़ाने वाले मुख्यमंत्री को अपने वरिष्ठ नेताओं की राय भी रास नहीं आ रही है, क्योंकि वे इस प्रकरण में पूरी तरह धृतराष्ट्र की भूमिका में हैं।”

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री चौहान स्वयं नैतिकता भूल चुके हैं। प्रतिपक्ष को वे मानते नहीं। अहंकार में इस कदर डूबे हुए हैं कि वे प्रतिपक्ष के अलावा अपने ही दल के लोगों द्वारा दी जा रही उचित सलाह को भी मानने को तैयार नहीं हैं।”

कांग्रेस का आरोप है कि शिवराज ने हवाला कांड में फंसे अपने मंत्री संजय पाठक को बचाने के लिए जांच पूरी होने से पहले ही कटनी के पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी का तबादला करवा दिया। तिवारी के तबादले से कटनी के लोगों और समूचे विपक्ष में आक्रोश है।

ज्ञात हो कि कटनी के 500 करोड़ के हवाला कारोबार का खुलासा होने के बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी का नौ जनवरी को जांच के बीच में तबादला कर दिया गया। इस पर कटनी सहित राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुआ। आक्रोश बढ़ता देख भाजपा के कई नेताओं ने मुख्यमंत्री को आरोपों में घिरे राज्यमंत्री संजय पाठक का इस्तीफा नैतिकता के आधार पर लेने की सलाह दी है।

कांग्रेस नेता यादव ने बयान में कहा है, “प्रतिपक्ष के साथ मुख्यमंत्री की निगाह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की भी कोई अहमियत नहीं रह गई है। यही वजह है कि वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के पूर्व सदस्य रघुनंदन शर्मा, पूर्व मंत्री अजय विश्नोई की सलाह को भी नजरअंदाज किया गया है। ये दोनों नेता मुख्यमंत्री को पाठक का इस्तीफा नैतिकता के आधार पर लेने की सलाह दे चुके हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493