टोरंटो, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन टड्रे को 80 से भी अधिक कनाडाई महिलाओं ने कनाडा की सीनेट के लिए नई चयन प्रक्रिया में लैंगिक समानता पर आधारित सीनेट बनाने का आग्रह करते हुए एक हस्ताक्षरित पत्र सौंपा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पत्र में लिखा गया था, “अपने कैबिनेट में 50 प्रतिशत पदों पर महिलाओं को नियुक्त करके कनाडा के इतिहास में पहली बार लैंगिक रूप से समान संघीय कैबिनेट बनाने के लिए हम आपकी सराहना करते हैं और कनाडा की सीनेट में भी नियुक्तियों में इसी सिद्धांत का अमल करने की मांग करते हैं।”
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में पूर्व प्रधानमंत्री किम कैम्पबेल, पूर्व उप प्रधानमंत्री शीला कॉप्स और कार्यकर्ता शामिल हैं।
प्रधानमंत्री टड्रे के 30 सदस्यीय मंत्रिमंडल में 15 महिलाएं हैं।
कनाडा की राजनीति में कनाडा के गवर्नर जनरल को प्रधानमंत्री की सलाह पर प्रशासनिक नियुक्तियों का अधिकार है।
संघीय सरकार ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि वह सीनेट में एक नई प्रक्रिया के अनुसार नियुक्तियां करेगी और जारी एक दस्तावेज में कहा गया था कि प्रत्याशियों को इस प्रकार चुना जाएगा, जिससे सीनेट में लैंगिक समानता हो।
पत्र पर हस्ताक्षर अभियान चलाने वाली दो महिलाओं में से एक डोन्ना डस्को ने कहा, “स्वतंत्र और दलगत राजनीति से परे एक सीनेट बनाने के इस प्रस्ताव में कनाडा के शासन में सीनेट के महत्व को बढ़ाने की क्षमता है।”
वर्तमान में कनाडा की सीनेट में 83 सदस्य हैं, जिनमें से 30 महिलाएं हैं।
डस्को के मुताबिक, वर्तमान 22 रिक्त पदों पर अगर महिलाओं की नियुक्ति होती है तो सीनेट में लैंगिक समानता होगी।
dharmpath.com dharmpath