नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर और उनसे अलग रह रहे उनके पति संजय कपूर के बीच तलाक की शर्तो पर सहमति बन गई है।
दोनों ने शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष सौहार्दपूर्ण तरीके से तलाक पर सहमति जताई। न्यायालय के निर्देश के अनुसार, बच्चे करिश्मा के पास ही रहेंगे। हालांकि संजय को उनसे मिलने की अनुमति होगी।
इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति ए.के. सीकरी और आर.के. अग्रवाल के चैम्बर में हुई। उन्हें तलाक की शर्तो को लेकर बनी के बारे में बताया गया। इसके साथ ही मुंबई की अदालत में दर्ज तलाक का मामला आपसी सहमति से तलाक की याचिका में तब्दील हो जाएगा।
मुंबई की अदालत में तलाक से संबंधित याचिका पर सुनवाई अब जून में होगी।
करिश्मा के अधिवक्ता संदीप कपूर ने आईएएनएस से कहा कि दोनों पक्षों के बीच कुछ मुद्दों पर असहमति थी, लेकिन न्यायाधीशों के हस्तक्षेप से उन्होंने इसका समाधान कर लिया।
दोनों बच्चे करिश्मा के पास ही रहेंगे। हालांकि संजय गर्मी व सर्दी की छुट्टियों तथा दीवाली के त्योहार पर बच्चों से मिल सकेंगे।
dharmpath.com dharmpath