बेंगलुरू, 27 जुलाई (आईएएनएस)। विशेष जांच दल (एसआईटी) के गुप्तचरों ने सोमवार को कर्नाटक के लोकायुक्त न्यायाधीश वी.भास्कर राव के बेटे अश्विन राव को राज्य के एक कार्यपालक अभियंता से एक करोड़ रुपये रिश्वत मांगने के लिए गिरफ्तार किया है।
पहचान जाहिर न करने की शर्त पर एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “हमारे पुलिस अधीक्षक लबुराम की अध्यक्षता में एसआईटी के एक दल ने महाराष्ट्र के मराठवाड़ क्षेत्र के औरंगाबाद में अश्विन राव को गिरफ्तार किया। वह जल्द से जल्द उनके ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगा।”
औरंगाबाद से मुंबई की दूरी 330 किलोमीटर है।
लोकायुक्त के अनुरोध पर राज्य सरकार द्वारा कुछ अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार तथा अश्विन राव के खिलाफ रिश्वत के आरोपों की जांच को लेकर 30 जून को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) कमल पंत की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया था।
लोकायुक्त के संयुक्त आयुक्त सैयद रियाज की पिछली रात बेंगलुरू में गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद अश्विन राव की गिरफ्तारी सामने आई है।
लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक सोनिया नारंग ने एक जुलाई को दर्ज प्राथमिकी में अन्य लोगों के साथ अश्विन व रियाज का नाम लिया था। मामले में तीन अन्य लोगों को एसआईटी पिछले सप्ताह गिरफ्तार कर चुकी है।
इन तीन लोगों में रियल्टर अशोक कुमार, आरटीआई कार्यकर्ता शानाकरे गौड़ा तथा एक कन्नड़ न्यूज चैनल के पत्रकार श्रीनिवास गौड़ा शामिल हैं।
कर्नाटक उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ ने एक जुलाई को अश्विन राव की रिट याचिका के आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी पर रोक लगा दी, लेकिन एसआईटी को भ्रष्टाचार मामले की जांच करने की अनुमति दे दी।
dharmpath.com dharmpath