नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। इस समय पूरा देश चुनाव के रंग में सराबोर है, हर तरफ पांच राज्यों में चुनाव और राजनीति की बात चल रही है, तो फिर कला इससे कैसे अछूती रह सकती है। यहां के इंडिया हैबिटैट सेंटर में आयोजित कला प्रदर्शनी में चुनाव के रंग भी देखे गए।
गजाली मोईनुद्दीन द्वारा चुनाव के रंगों और वसंत ऋतु पर आधारित कला प्रदर्शनी ‘कुन फाया कुन’ का उद्घाटन उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की पत्नी सलमा अंसारी ने किया। उनके साथ इस प्रदर्शनी में कांग्रेस नेता राशिद अल्वी, जय प्रकाश अग्रवाल और जाने-माने फिल्मकार मुजफ्फर अली भी मौजूद थे।
गजाली द्वारा बनाई गई एक पेंटिंग चर्चा का विषय बनी। इसमें पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनाव को एक अलग तरीके से दर्शाया गया है। इस पेंटिंग का आधार देश का तिरंगा है और इसमें खुले आसमान के नीचे उड़ती हुई पतंगें हैं, जिनको देश की राजनीतिक पार्टियों के रंग मे रंग गया है।
गजाली ने कहा, “राजनीति की तरह यहां भी हर एक पतंग अपने साथ वाली पतंग को काटकर उससे आगे निकलना चाहती है और आसमान में सबसे ऊपर उड़ना चाहती है, जैसे कोई पार्टी का उम्मीदवार सबको हराकर जीतना चाहता है। उसके लिए चाहे कोई भी तरीका क्यों न आजमाना पड़े। मैंने आकर्षक रंगों के माध्यम से एक-दूसरे के प्रति संघर्ष, जज्बात, क्रोध, ईष्र्या और मौकापरस्ती को खूबसूरत तरीके से दर्शाया है।”
गजाली देश में अपने तरह के पहले चित्रकार हैं, जो पेंटिंग बनाने के लिए कभी भी ब्रश का इस्तेमाल नहीं करते, बल्कि कलर ट्यूब को सीधे कैनवास पर लगाते हैं और अपनी उंगलियों से उसको एक आकर देते हैं। उनकी खास तरह की कला-कृतियों में थ्री-डी इफेक्ट आता है, जो देखने वाले के दिल में उतर जाता है।
dharmpath.com dharmpath