कल्पना का अलबम ‘द लिगैसी ऑफ भिखारी ठाकुर-2’ पटना में जारी (फोटो सहित)

पटना, 28 दिसंबर (आईएएनएस)। भोजपुरी लोकगायिका कल्पना पटवारी के अलबम ‘द लिगैसी ऑफ भिखारी ठाकुर-2’ यहां शुक्रवार को विद्यापति भवन में जारी हुआ। इसे राज्य के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार और भाजपा के संगठन महामंत्री नागेंद्र ने जारी किया।

इस मौके पर कल्पना पटवारी और अलबम के ‘लिविंग लीजेंड’ 109 वर्षीय रामाज्ञा राय भी मौजूद रहे।

भाजपा कला-संस्कृति प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री नंद किशोर ने कहा कि भिखारी ठाकुर के बगैर भोजपुरी की बात बेमानी होगी। भोजपुरी और भिखारी ठाकुर का चोली-दामन का संबंध है। महापंडित राहुल सांस्कृत्यायन ने भिखारी ठाकुर को भोजपुरी का ‘शेक्सपियर’ कहा था।

उन्होंने भिखारी की विरासत को संवारने-संभालने की जरूरत बताते हुए कहा कि इसके प्रति सरकार सजग है। उन्होंने गायिका कल्पना पटवारी के इस दिशा में किए जा रहे कार्यो की प्रशंसा की।

इस मौके पर कल्पना ने कहा कि जिस भोजपुरी को भिखारी ठाकुर जैसे कलाकारों ने अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाई, उसी भोजपुरी को अपने ही राज्य में बोली से भाषा बनने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

कल्पना ने सवालिया लहजे में कहा, “भिखारी ठाकुर को शेक्सपियर तो कहा जाता है, लेकिन क्या हम सही मायनों में उन्हें शेक्सपियर का सम्मान दे पा रहे हैं? जब तक भोजपुरी को पूर्ण भाषा का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक हम भिखारी ठाकुर को सच्ची श्रद्धांजलि नहीं दे पाएंगे।”

कल्पना पटवारी और भाजपा कला-संस्कृति प्रकोष्ठ की ओर से भिखारी ठाकुर आश्रम, कुतुबपुर के जीर्णोद्धार के लिए दो लाख का चेक भी प्रदान किया गया।

इससे पहले कल्पना ने अपने इस नए अलबम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस अलबम में कुल 11 गाने हैं, जिनमें 10 गाने को लिविंग लीजेंड 109 वर्षीय रामाज्ञा राम की आवाज में है, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है। 109 वर्ष की उम्र में आज तक किसी ने अपने गाने को रिकॉर्ड नहीं कराया है। वहीं, एक गीत को कल्पना पटवारी ने खुद आवाज दी है।

समारोह में कल्पना पटवारी और 109 वर्षीय रामाज्ञा राय ने भिखारी ठाकुर के गीतों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इस दौरान विद्यापति भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनके साथ सत्येंद्र कुमार संगीत और रानी सिंह ने भी भिखारी ठाकुर के गीत गाए।

कार्यक्रम में भाजपा कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक वरुण कुमार सिंह, सह संयोजक आनंद पाठक, विनीता मिश्रा, पीआरओ रंजन सिन्हा समेत कई लोग मौजूद रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493