श्रीनगर, 28 मई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में विपक्षी कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस(नेकां) के विधायकों ने 2014 के बाढ़ पीड़ितों के लिए अपार्यप्त राहत के खिलाफ शनिवार को सदन का बहिर्गमन कर दिया।
विपक्षी सदस्य सितम्बर, 2014 में आई विनाशकारी बाढ़ के पीड़ितों को सहायता पहुंचाने में महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली सरकार की कथित विफलता के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
विधानसभा अध्यक्ष कविंदर गुप्ता द्वारा सदन में शांति बनाए रखने की अपील के तुरंत बाद कांग्रेस और नेकां के सदस्य सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को सदन में अपने संबोधन में पीडीपी और भाजपा की गठबंधन सरकार पर हर मोर्चे पर विफल होने का आरोप लगाया था।
उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को महबूबा मुफ्ती से कहा था, “नई दिल्ली ने सिर्फ आपको शुभकामनाएं दी हैं और कुछ नहीं।”
बाढ़ पीड़ितों को सहायता पहुंचाने में सरकार की विफलता के विपक्ष के आरोपों और कश्मीरी पंडितों और पूर्व सैनिकों के लिए घाटी में पृथक कॉलोनी बनाने में सरकार की कथित मिलीभगत का महबूबा सदन में शनिवार को जवाब दे रही हैं।
dharmpath.com dharmpath