नई दिल्ली/श्रीनगर, 30 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्य सचिव और प्रतिष्ठित नौकरशाह अशोक जेटली का मंगलवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
दोस्तों तथा रिश्तेदारों के बीच प्रिय अशोक 1964 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से जुड़े थे और वह जम्मू एवं कश्मीर कैडर के अधिकारी बने थे।
उन्होंने विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दी थीं और वह सचिव बनने वाले अपने बैच के सबसे कम उम्र के सदस्य थे।
अशोक 1996-2002 में जम्मू एवं कश्मीर के मुख्य सचिव रहे। वह 2002 में सेवानिवृत्त हुए थे और छह महीने तक राज्य सरकार के सलाहकार के रूप में सेवाएं दी थीं।
वह पीरजादा गुलाम अहमद के बाद राज्य में सबसे अधिक समय तक मुख्य सचिव के पद पर रहे थे, अहमद 1953 से 1963 तक मुख्य सचिव पद पर बने रहे।
अशोक को पढ़ने लिखने का भी काफी शौक था। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने कई समाचार पत्रों तथा पत्रिकाओं के लिए लेख लिखे थे।
उन्होंने आईएएनएस के लिए भी लेख लिखे थे।
उनके मित्र के अनुसार, अशोक कश्मीर पर एक किताब लिख रहे थे, जो कि उनकी लंबी बीमारी और निधन के कारण प्रभावित हुई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार बुधवार पूर्वाह्न नई दिल्ली के लोदी रोड स्थित शवदाह गृह में किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath