श्रीनगर, 16 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में गुरुवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सेना और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सेना ने चार आतंकवादियों को मार गिराया। मुठभेड़ में एक जवान भी शहीद हो गया।
सेना ने कुपवाड़ा के उत्तरी जिले में तड़के घुस आए घुसपैठियों के एक समूह से लोहा लिया था।
सैन्य सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि मुठभेड़ की शुरुआत में ही दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। बाद में दो और आतंकवादी मारे गए।
शुरुआत में हुई गोलीबारी में घायल हुआ एक जवान भी शहीद हो गया।
सेना को तंगधार में नियंत्रण रेखा पर संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पता चला था।
एक सूत्र ने कहा, “सेना ने जब घुसपैठियों को ललकारा तो उन्होंने जवानों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।”
सूत्र ने कहा, “अभियान अभी जारी है, लेकिन आतंकवादियों के घुसपैठ के प्रयास को नाकाम कर दिया गया है।”
dharmpath.com dharmpath