जम्मू/श्रीनगर, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में इंटरनेट सेवा चार दिनों तक बधित रहने के बाद सोमवार को फिर से बहाल कर दी गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “सोमवार सुबह पूरे राज्य में इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है।”
पुलिस अधिकारी ने कहा कि राज्य में ईद पर शांति और सौहाद्र्र बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवा बंद किया जाना जरूरी हो गया था।
राज्य में उच्च न्यायालय द्वारा गोवंश वध के खिलाफ 1862 के कानून को फिर से लागू करने के बाद मुस्लिम समुदाय में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुस्लिम मौलानाओं और अलगाववादियों व मुख्यधारा के नेताओं का कहना है कि यह आदेश बहुसंख्यक मुस्लिम समुदाय के धार्मिक अधिकारों में हस्तक्षेप है।
कश्मीर में अलगाववादियों ने स्थानीय मुसलमानों से अदालत के आदेश का उल्लंघन करने के लिए ईद पर गोवंश की कुर्बानी देने का आग्रह किया।
हालांकि, वरिष्ठ अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी ने मुसलमानों से अन्य समुदाय के लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचाने वाले कृत्य न करने का आग्रह किया।
ईद पर कई असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर गोवंश वध की फोटो साझा की।
राज्य में चार दिन तक बंद रही इंटरनेट सेवा से सबसे ज्यादा आम जनता और व्यावसायिक समुदाय के लोग प्रभावित हुए।
इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गोवध पर प्रतिबंध के बाद ईद पर किसी भी तरह की अफवाह या परेशानी से बचने के लिए सरकार ने गुरुवार रात से इंटरनेट बंद कर दी थी।
dharmpath.com dharmpath