जम्मू/कश्मीर, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में गुरुवार को बर्फबारी की वजह से राजौरी और शोपियां जिलों को जोड़ने वाला मुगल मार्ग बंद कर दिया गया। हालांकि रुक-रुक हो रही बारिश के बाद भी जम्मू एवं श्रीनगर का राष्ट्रीय राजमार्ग खुला हुआ है।
कश्मीर घाटी का 84 किमी लंबा मुगल मार्ग आज हिमपात के बाद बंद कर दिया गया। जिससे ‘पीर की गली’ और ‘हीरोपोरा’ जाने वाले इलाकों के रास्ते भी बंद हो गए हैं।
जम्मू के सरकारी अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से सड़कों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिस कारण कई वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। क्योंकि रास्तों पर बेहद फिसलन है इसलिए हमने यातायात जाम कर दिया है।”
जम्मू एवं कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात फिलहाल जारी है। कश्मीर के साथ लद्दाख को जोड़ने वाला कश्मीर-लेह राजमार्ग हल्की बर्फबारी के बाद भी गुरुवार को वन-वे ट्रैफिक के लिए खुला रहा।
यहां स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “कश्मीर में सुबह से ही हल्की बारिश शुरू गई थी।”
श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं लद्दाख क्षेत्र में गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री, लेह कस्बे में शून्य से नीचे 6.7 डिग्री और करगिल कस्बे में शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री, कटरा में 11.6 डिग्री, बनिहाल में 3.2 डिग्री, बटोत में 5.5 डिग्री और भद्रवाह में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में गुरुवार को लेह सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath