बिहार के सरकारी स्कूलों में भी होगा पैरेंट्स-टीचर मीट : मंत्री

पटना, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने गुरुवार को कहा कि राज्य में सरकारी स्कूल अब निजी स्कूल की तरह हाईटेक बनाए जाएंगे। निजी स्कूल की तर्ज पर अब सरकारी स्कूलों में भी पैरेंट्स-टीचर मीट का आयोजन किया जाएगा।

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि गुणवत्तपूर्ण शिक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी स्कूलों में भी पैरेंट्स-टीचर मीट का आयोजन किया जाएगा, जिससे अभिभावक और शिक्षक मिलकर बच्चों का सर्वागीण विकास कर सकें तथा स्कूल में बच्चों की गतिविधियों की जानकारी भी अभिभावकों को मिल सके।

सरकारी स्कूलों में साप्ताहिक जांच परीक्षा (वीकली टेस्ट) के आयोजन का संकेत देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी सरकारी स्कूलों को आईटी से जोड़ा जाएगा और मैट्रिक के छात्रों को मेल के जरिए सिलेबस और दूसरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए छात्रों से ई-मेल आईडी प्राप्त की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार कड़े फैसले लेने से भी नहीं हिचकेगी। मंत्री ने कहा कि मैट्रिक की परीक्षा में कदाचार पाए जाने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी और केंद्र अधीक्षक जिम्मेदार होंगे।

चौधरी ने कमजोर बच्चों के लिए स्कूल में ही ट्यूशन की सुविधा देने की चर्चा करते हुए कहा कि कई बच्चे किसी खास विषय में कमजोर रहते हैं। ऐसे बच्चों के लिए अलग से शैक्षणिक कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493