श्रीनगर, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तरी कश्मीर के सोपोर कस्बे में अज्ञात लोगों ने सोमवार को एक पूर्व आतंकवादी की गोली मार कर हत्या कर दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने सोमवार को सोपोर कस्बे के मुंडी इलाके में अजय अहमद रेशी की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।”
पिछले सप्ताह कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली गिलानी से जुड़े तीन लोगों की हत्या कर दी थी।
रेशी की हत्या के बारे में जानकारी मिलने के बाद सोमवार को सोपोर कस्बे में बाजार बंद हैं। सरकारी और निजी वाहन सड़कों से नदारद हैं। कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारी युवकों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसके बाद उनके बीच झड़प हुई।
हुर्रियत के उदारवादी धड़े के नेता उमर फारूक ने आरोप लगाया कि ये हत्याएं रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिक्कर के उस बयान का हिस्सा हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि आतंकवादियों से आतंकवादियों की मदद से ही निपटा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath