श्रीनगर, 25 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलगाववादी छापामारों ने शनिवार को सीआरपीएफ के काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान दो अलगाववादी मारे गए और सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंपोर शहर के पास नांब्लाबल में सीआरपीएफ के एक काफिले पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया। यह काफिला श्रीनगर जा रहा था।”
उन्होंने कहा, “सीआरपीएफ के जवानों द्वारा की गई जवाबी गोलीबारी में दो आतंकवादी मारे गए हैं।” अधिकारी ने कहा कि सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
अधिकारी ने कहा, “सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
उन्होंने कहा, “मुठभेड़ अब भी जारी है, क्योंकि दो आतंकवादी कथित तौर पर अभी भी सुरक्षा बलों पर गोलीबारी कर रहे हैं।” जिंदा बचे आतंकवादी भाग न पाएं, इसके लिए घटनास्थल पर अतिरिक्त बल भेजे गए हैं।
इस व्यस्त राजमार्ग पर हमले के तुरंत बाद यातायात रुक गया, जबकि पंपोर शहर के आसपास तनाव कायम हो गया है।
dharmpath.com dharmpath