लखनऊ, 25 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कौमी एकता दल (कौएद) के समाजवादी पार्टी (सपा) में विलय को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाहुबाली विधायक मुख्तार अंसारी जैसे लोग पार्टी में नहीं होंगे।
उन्होंने कहा, “हमने मुख्तार अंसारी जैसे लोगों को पार्टी में नहीं लिया है। बतौर मुख्यमंत्री व सपा के प्रदेश अध्यक्ष इसका विरोध वह उचित फोरम पर करेंगे।”
लखनऊ स्थित ताज होटल में शनिवार को एक कार्यक्रम में सवालों के जवाब में यह बात कही।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कौएद के सपा में विलय से संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि वह इस मुद्दे को उचित फोरम पर रखेंगे। सपा किसी को फॉलो नहीं करती।
उन्होंने कहा, “हमारा एजेंडा विकास व गरीबी दूर करना है। सपा सरकार ने प्रदेश का विकास किया है। यूपी में देश का सबसे बड़ा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे बना रहे हैं। यह एक्सप्रेस वे अक्टूबर में शुरू हो जाएगा।”
अखिलेश ने कैराना व मथुरा के जवाहर बाग की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई होगी। बुंदेलखंड की बेकारी व बदहाली के लिए सपा जिम्मेदार नहीं है। सपा सरकार ने सूखा पीड़तों को हर संभव मदद दी है, जबकि यूपी में सूखे पर केंद्र ने मदद नहीं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में पानी की समस्या दूर करने के लिए 300 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। अनुपूरक बजट में इसके लिए प्रावधान किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath